मीरगंज। जंघई इलाके से सटे पिलखिनी गांव में हल्दिया कोट कोलकाता से गुजरात जा रही गैस पाइप लाइन के लिए खुदाई कार्य का ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों का कहना था कि तैयार फसल को अचानक काटकर खुदाई की जा रही है। फसल कटने के बाद खुदाई की जानी चाहिए। एसडीएम हंडिया ने ग्रामीण को समझाकर शांत कराया।
हल्दिया कोट से गुजरात तक गैस पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है। छह माह पहले ही ठेकेदार ने सभी किसानों का बता दिया था कि खुदाई कर पाइप डाली जाएगी। आज अचानक ठेकेदार जब गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने यह कह कर विरोध करना शुरू कर दिया। कहा कि सूखे की मार से किसान परेशान हैं। जो फसल बच गई और अब पक कर तैयार है उसे हम नहीं काटने देंगे। ठेकेदार ने उच्चधिकारियों को सूचना देकर मामले से अवगत कराया। एसडीएम हंडिया कुलदीप सिंह व एसओ प्रदीप राय के साथ दोपहर बाद मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया की सचिव स्तर से काम में तेजी का निर्देश है। इसलिए काम नहीं रोका जा सकता है। इसे पूरा ही करना है। उनके काफी समझाने पर ग्रामीण मान गए लेकिन लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।