जफराबाद। शुक्रवार को जफराबाद जंक्शन स्थित समपार फाटक संख्या 38 को क्रास करते समय मालगाड़ी टांडा अप के इंजन में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण घंटो तक खड़ी रही। इससे जफराबाद-जौनपुर रेल मार्ग पौने दो घंटे तक बाधित रहा। इससे कई ट्रेने देरी से चलाई गई।
अपराह्न दो बजकर 45 मिनट पर अप साइड से मालगाड़ी टांडा जफराबाद जंक्शन स्टेशन से होकर गुजर रही थी। अभी वह समपार फाटक संख्या 38 को पार कर रही थी कि अचानक इंजन खराब हो गया। किसी तरह से ड्राइवर ने मालगाड़ी का आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। इस बीच मालगाड़ी के ट्रैक पर बीचोबीच खड़े होने के कारण मार्ग शाम साढे चार बजे तक बाधित रहा। इसकी सूचना गेटमैन ने स्टेशन मास्टर को दिया। सूचना पर नौतनवा अप मालगाड़ी का इंजन खोलकर बदला गया। तब कहीं जाकर मालगाड़ी आगे बढ़ सकी। हालांकि इस बीच ट्रैक पर पौने दो घंटा ट्रेनों को विलंब से रवाना किया गया।