रोडवेज बस से गिरकर युवक की मौत
चालक की लापरवाही से हुआ हादसा
बक्शा/शाहगंज। बक्शा थाना क्षेत्र के लखौवा वैसपार गांव के पास मंगलवार की रात रोडवेज बस से गिरकर युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रोडवेज बस को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उधर सरपतहां थाना क्षेत्र के सरायमोहिद्दीनपुर बाजार के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार घायल हो गया।
वैसापार गांव निवासी सभाजीत पाल (38) घर पर रहकर खेती का कार्य करता था। मंगलवार को वह अपने रिश्तेदार के घर ओबरा से लौट रहा था। वह ओबरा से वाराणसी आया और वहां से जौनपुर डिपो की बस पर सवार हुआ। रात करीब साढ़े दस बजे अपने गांव के पास बस को रोकवाकर उतर रहा था। बस से पूरी तरह उतर नहीं पाया था तभी चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया। युवक सिर के बल सड़क पर गिर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे को देख रहा चार पहिया वाहन चालक ने बस का पीछा कर उसे रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव एवं बस को कब्जे में ले लिया। बुधवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सरायमोहीउद्दीनपुर बाजार में बुधवार दोपहर ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। उपचार के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सरपतहां थाना क्षेत्र के जमदरा गांव निवासी मुन्नालाल (22) पुत्र सुरेश कुमार बाइक से सरायमोहीउद्दीनपुर बाजार आया था। पुलिस चौकी के समीप ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल हो गया।