जोगियापुर में गांधी जयंती पर सफाई करतीं महिलाएं
जौनपुर। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को डीएम सर्वज्ञराम मिश्र ने दोनों महापुरुषों चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उधर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ब्रह्मदेव वर्मा को सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री का जन्म एक ही दिन दो अक्टूबर को हुआ था। रामकृष्ण गोखले महात्मा गांधी के राजनीतिज्ञ गुरू रहे हैं। उस समय आजादी के लिए दो विचारधाराएं चल रही थीं। इसमें गांधी शांति और अहिंसा के बल पर आजादी चाहते थे। कहा कि गांधी जी का विचार रहा था मन, वाणी एवं कर्म सोच विचार कर करना चाहिए। ऐसा करने से ही गांधी जी के अंत्योदय का सपना साकार होगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व आर.पी मिश्र, सीआरओ रामआसरे सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रभूषण वर्मा, कर्मचारी नेता प्रमोद यादव, शिवमोहन श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। संचालन सभाजीत द्विवेदी प्रखर ने किया। इसके पूर्व जनककुमारी विद्यालय की छात्रा सोनी यादव, रजनी श्रीवास्तव, शालू यादव, मानसी मिश्रा, शिवांगी, श्वेता पटेल ने मनोरमा श्रीवास्तव के नेतृत्व में रामधुन की प्रस्तुति की। जिलाधिकारी ने छात्राओं को 5100 रुपये का पुरस्कार दिया। स्वच्छता पर आधारित गीत प्रस्तुत कर स्वच्छता का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने खरका तिराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। नगर के जहांगीराबाद स्थित मलिन बस्ती में स्वास्थ्य कैंप लगाया गया जिसमें लोगों की जांच कर उन्हें दवाएं दी गईं। मुख्य चिकित्साधिकारी डा.ओपी सिंह ने स्वच्छता से लाभ की जानकारी दी। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कृष्णचंद ने बताया कि नगर में इस समय प्रोत्साहन स्वरूप दो किस्तों में 20 हजार रुपये शौचालय बनवाने के लिए दिए जा रहे हैं। शिविर में डा. रोहित, डा. गजेंद्र आदि मौजूद रहे।