सिकरारा। मुंबई के परेल एलफिस्टन रेल ब्रिज पर गुरुवार को हुए हादसे में सिकरारा थाना क्षेत्र के बघौरा निवासी विजय बहादुर कनौजिया (57) की मौत हो गई। वह रोज की तरह दादर के आशीष इंडस्ट्रियल गारमेंट कारखाने में काम करने जा रहा था। शुक्रवार को देर शाम घटना की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों ने मुंबई पहुंचकर उसका अंतिम संस्कार किया।
बघौरा गांव निवासी हरिलाल कनौजिया के पांच बेटों में विजय बहादुर कनौजिया (57) दूसरे नंबर का था। वह दादर के आशीष इंडस्ट्रियल गारमेंट कारखाने में कटिंग मास्टर था। पत्नी सरिता शेरवा गांव में आंगनबाड़ी सहायिका है। उसकी तीन बेटियां जयश्री, राज्यश्री और भाग्यश्री शादीशुदा हैं जबकि एक पुत्र प्रभात लखनऊ से बीटेक कर नौकरी की तलाश में है। घर पर विजय की मौत की सूचना पर कोहराम मच गया। पति के मौत की सूचना पाते ही पत्नी सरिता बेहोश हो कर गिर पड़ी। भाई अधिवक्ता वीरेंद्र ने बताया कि रोज की तरह शुक्रवार को उसका भाई विजय थाणे क्षेत्र के धनसौली आवास से कारखाने जा रहा था। परेल एलफिस्टन स्टेशन पर लोकल ट्रेन से उतर कर दादर रोड जाने के लिए ब्रिज पार कर रहा था कि यह हादसा हो गया। उसने रुंधे गले से बताया कि वह दीपावली में छुट्टियां बिताने घर आने वाला था, लेकिन होनी को तो कुछ और ही मंजूर था। बताया कि भाई के फोन से उसकी पत्नी के मोबाइल पर हादसे की सूचना मिली तो बड़े भाई रामू सहित बेटे व पत्नी को मुंबई भेजा गया है। मुंबई में अस्पताल से शव मिलने पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस घटना से गांव में शोक है।