सिंगरामऊं/शाहगंज (जौनपुर)। सिंगरामऊ और शाहगंज में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बहरीपुरकला गांव के लोग बुधवार की रात दुर्गा प्रतिमा ट्रैक्टर-ट्रॉली पर प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के नगरा से घर आ रहे थे। नगरा गांव की नहर पुलिया के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आ रहे ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर हो गई। इससे पांच लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में बहरीपुर कला निवासी रमाशंकर (45), मोदनलाल (22), प्रिंस (18), अनमोल (19), विकास (17) शामिल हैं। दूसरी घटना शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के चिरैयामोड़ के पास हुई जहां बाइक सवार युवक समेत दो लोग घायल हो गए। आजमगढ़ जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंबारी गांव निवासी रामराज यादव अपनी पुत्री शशिकला (24) को लेकर बाइक से रिश्तेदार के घर मदरहां गांव जा रहे थे। चिरैमोड़ के पास पहुंचे थे तभी गिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से युवती गंभीर रुप से घायल हो गई। दूसरी ओर हुसैनाबाद निवासी पनकली देवी (60) बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर दवा लेने के लिए शाहगंज आ रही थी। रोडवेज के समीप रेलवे क्रॉसिंग पर बाइक से गिरकर घायल हो गयी। उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।