जौनपुर। मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन पूजन करने के लिए जाने में श्रद्धालुओं को दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए जौनपुर रोडवेज डिपो से 20 बसें नवरात्र मेला स्पेशल के रूप में लगाई हैं। इन बसों का संचालन जौनपुर-मिर्जापुर रोड पर किया जा रहा है।
गुरुवार से नवरात्र प्रारंभ हो गए। जिले में मां चौकिया धाम सहित मैहर देवी आदि मंदिरों में पूरे नवरात्र भर श्रद्धालुओं का रेला लगा रहता है। इस दौरान जिले के नहीं दूसरे जनपदों के भी श्रद्धालु यहां आकर दर्शन पूजन करने के बाद मां विंध्यवासिनी धाम मिर्जापुर के लिए जाते हैं। श्रद्धालुओं को दर्शन पूजन में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े, इसके मद्देनजर जौनपुर रोडवेज डिपो से 20 बसों का संचालन किया है। जौनपुर रोडवेज डिपो से कुल 106 बसों का संचालन होता है। जिसमें 92 बसे परिवहन निगम और 14 बसे अनुबंधित बसे हैं। जिसमें से 20 बसों को नवरात्र मेला स्पेशल बस के रुप में मां विंध्यवासिनी धाम के लिए लगाई गई हैं।