खेतासराय। मालगाड़ी के गार्ड और रेलवे क्रासिंग के गेटमैन की मनमानी के चलते दीदारगंज रोड स्थित रेलवे फाटक ढाई घंटे तक बंद रहा। इसके चलते जाम लग गया जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार की भोर में साढ़े चार बजे वाराणसी से शाहगंज जा रही मालगाड़ी खेतासराय स्टेशन पर पहुंची ही थी कि ड्यूटी खत्म होने के कारण मालगाड़ी का गार्ड चला गया। इसके चलते रेलवे फाटक बंद रहने के कारण लोगों की नाराजगी से बचने के लिए क्रासिंग का गेटमैन भी चला गया जिससे रेलवे फाटक बंद रहा।
वाराणसी से शाहगंज की तरफ जा रही मालगाड़ी को खेतासराय स्टेशन पर बिना रुके गुजरना था। सोमवार की भोर में 4.36 बजे मालगाड़ी खेतासराय स्टेशन पहुंची थी तो सिग्नल भी हो चुका था। सिग्नल के चलते दीदारगंज रोड स्थित गेट नम्बर 56 सी बंद कर दिया गया था। मालगाड़ी सीधे गुजरने के बजाय खेतासराय स्टेशन पर खड़ी हो गई। ट्रेन काफी देर तक खड़ी रही। दूसरी तरफ रेलवे क्रासिंग का गेट बंद होने के कारण सड़क पर जाम लग गया। कुछ ही देर में वाहनों की कतार लग गई। जाम में स्कूलों के कई वाहन भी फंसे थे। जाम में फंसे लोगों ने गेट खोलने के लिए गेटमैन पर दबाव बनाया। लोगों की नाराजगी देख गेटमैन अनीस भी मौके से खिसक लिया। रेलवे फाटक देर तक बंद होने की वजह जानने के लिए लोग स्टेशन पर पहुंचे तो पता चला कि मालगाड़ी पर तैनात गार्ड रमेश कुमार की ड्यूटी 8 घंटे के बजाय 14 घंटे की हो गई थी। इसके चलते वह यहीं पर मालगाड़ी छोड़ घर चला गया। स्टेशन मास्टर ने लोगों के आक्रोश को देखते हुए कंट्रोल से अनुमति ली और मालगाड़ी को बिना गार्ड के ही रवाना कर दिया। मालगाड़ी जाने के बाद करीब सात बजे गेट खुला तो जाम में फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली। स्टेशन अधीक्षक भाष्कर सिंह ने कहा की स्टेशन पर मालगाड़ी खड़ी रहने के कारण ढाई घंटे रेलवे क्रासिंग बंद रही। इसके चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया। लोगों की नाराजगी को भांप गेटमैन मौके से भाग निकला।