कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करतीं आशा बहुएं।
जौनपुर। विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रही आशा बहुओं ने दूसरे दिन शनिवार को भी कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की। चेतावनी दी कि सरकार ने उनकी मांग को नजर अंदाज किया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। कई कर्मचारी संगठनों ने भी उनके आंदोलन को समर्थन दिया।
आल इंडिया आशा बहू एसोसिएशन के बैनरतले कलेक्ट्रेट में जुटी आशा बहुओं ने खुद की उपेक्षा का आरोप लगाया। संगठन की अध्यक्ष निर्मला शर्मा ने कहा कि आशा कार्यकर्ता और आशा संगिनी बड़ी समस्याओं से जूझ रही हैं। जिन ब्लाकों में आशा संगिनी की भर्ती की गई उसे आशा बहू का भी काम करना पड़ रहा है। जबकि आशा पद से उससे इस्तीफा लेकर संगिनी के पद पर भर्ती किया गया है। रिक्त पड़े पदों पर शीघ्र भर्ती होनी चाहिए। मिनिस्ट्रीयल फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि आशा कार्यकर्ता समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी मांग को सरकार को मान लेना चाहिए। फेडरेशन के जिला मंत्री अजय सिंह ने कहा कि कर्मचारी महासंघ आशा बहुओं के डिमांड को रखकर संघर्ष कर रहा है। आशा बहुओं के संरक्षक रामकेश यादव ने कहा कि संघर्ष की लड़ाई निर्णायक स्तर तक जाएगी। मांग पूरी होने से पहले आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा। धरना सभा को संजय चौधरी, अशोक कुमार यादव, सरोजनी, सुनीता, प्रतिमा सरिता, प्रमिला सिंह, सुमन, मीरा, मंजू, ऊषा, अरागिनी, शोभावती ने भी संबोधित किया। संचालन विजय लक्ष्मी ने किया।