घनश्यामपुर (जौनपुर)। बदलापुर ब्लाक के सभागार में गुरुवार को आयोजित ग्राम पंचायतों में हुए विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान मनरेगा में 33 ग्राम पंचायतों का जीओ टैग शून्य पाया गया। जिस पर डीसी मनरेगा ने नाराजगी प्रकट करते हुए उक्त ग्राम पंचायत के सचिवों को फटकार लगाई है।
डीसी मनरेगा कमलेश कुमार सोनी ने कहा कि मनरेगा योजना के तहत जाबकार्ड धारकों को काम दिया जाता है। जिससे वे अपना जीवन यापन करते हैं। लेकिन ग्राम पंचायत सचिवों की लापरवाही से बछुआर, बड़सरा व बड़ेरी सहित 33 ग्राम पंचायतों का जीओ टैग की प्रगति शून्य है। उन्होंने ऐसे पंचायत सचिवों को एक सप्ताह के भीतर अभियान चला कर जीओ टैग का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। ऐसा नहीं होने पर संबंधित के विरुद्घ सख्त कार्यवाही करने की चेतावनी दी। उन्होंने मनरेगा में मजदूरों के मजदूरी भुगतान का हाल भी जाना। जिसकी प्रगति पर संतोष व्यक्त किया । कहा कि जिन ग्रामपंचायत में मस्टर रोल निर्गत किए गये हैं। उनको भर कर समय से फीडिंग करा दिया जाय। जिससे मजदूरी भुगतान समय से किया जा सके । वर्ष 2016-17 के प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना अंतर्गत चयनित पात्र लाभार्थियों से दूसरी किश्त की मांग नियमानुसार करने का निर्देश दिया । उन्होंने पंचायत सचिवों को हिदायत दिया कि एक सप्ताह के बाद किसी भी समय पुन: ग्रामवार कार्यों की समीक्षा.की जाएगी । बैठक में खंड विकास अधिकारी पीसी यादव , मनरेगा के ब्लाक प्रभारी मनीष सिंह, दुर्गेश तिवारी, संगमलाल मिश्र, रणजीत सिंह, अनूप सिंह, निशा यादव, अरुण सिंह आदि मौजूद रहे।