घनश्यामपुर। घनश्यामपुर फीडर से जुड़े तिलवारी, बड़सरा, गोपालापुर, सुतौली, सियरावासी, महमदपुर, गुलरा, शाहपुर सानी आदि गांव के लोग विभाग की लापरवाही के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने का मन बना रहे हैं। विद्युत आपूर्ति में कही भी फाल्ट होने पर कई दिनों तक बत्ती गुल रहती है। उपभोक्ता चंदा इकट्ठा कर प्राइवेट लाइन मैन से ठीक करा देते हैं।
शुक्रवार को रामनगर बाजार के पास मेन लाइन का फ्यूज जल गया। इसे बगैर शटडाउन के कोई बनाने को तैयार नहीं है। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से की लेकिन तीन दिन बाद भी फ्यूज बांधने के लिए कर्मचारी नहीं पहुंचा। परेशान ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक रमेश मिश्रा को भी समस्या से अवगत कराया। अब विद्युत उपकेंद्र के घेराव का मन बना रहे हैं।