बरसठी। स्थानीय थाना क्षेत्र के पल्टूपुर तिराहे के पास शुक्रवार की रात गार्ड को मारपीट कर उससे हुई 2.40 लाख रुपये लूट के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद महिला और तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सीएचसी में भर्ती गार्ड को सुबह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बरसठी थाना क्षेत्र के भन्नौर निवासी सुरेश गौतम स्टेट बैक की मडिय़ाहू में एटीएम गार्ड की नौकरी करता है। उसके पास स्टेट बैंक की फ्रेंचाइजी भी है। स्वैप मशीन से वह लोगों को पैसे का भुगतान भी करता है। सुरेश अक्सर रात मे ही अपने घर जाता था। शुक्रवार की रात मे भी दो लाख 40 हजार रुपये लेकर लगभग नौ बजे मडियाहूं स्टेट बैंक का एटीएम बंद कर घर के लिए निकला था। भन्नौर से एक किमी पहले पल्टुपुर तिराहा पर दो लोग बाइक में तेल खत्म होने का बहाना बनाकर उसे रोक लिए। रुकने के बाद बदमाशों ने तमंचा लगाकर गार्ड के बाइक की चाभी छीनने लगे तो गार्ड ने चाभी वही झाड़ी में फेंक दी। इतने में बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई की और झोले में रखा 2.40 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। बरसठी पुलिस ने गार्ड के तहरीर पर तीन अज्ञात और एक पड़ोसी महिला जिसकी गार्ड से काफी दिनो से जमीनी विवाद चली आ रही है के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।