सिंगरामऊ । पश्चिम बंगाल से अजमेर शरीफ जा रही दर्शनार्थियों से भरी बस शुक्रवार की शाम में जौनपुर-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के हरिहरपुर पेट्रोल पंप के समीप अनियंत्रित होकर 12फीट गहरी खाई में गिर गई। बस में सवार करीब दस लोग घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इसमें दो की हालत गंभीर बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को साढ़े तीन बजे के करीब पश्चिम बंगाल के मेंदनापुर जिले के पंचकूड़ा से महिला एवं पुरुष समेत 65 दर्शनार्थियों से भरी बस अजमेर शरीफ जा रही थी। वह जौनपुर-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में स्थित हरिहरपुर पेट्रोल पंप के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे 12 फीट गहरी खाई में जा गिरी। खाई में पानी भरा था। दर्शनार्थियों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद बस का शीशा तोड़कर बस में सवार लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने एंबुलेंस से घायलों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। घायलों में अजीजुल (32), सिराज मंडल (45) को गंभीर चोट आई है। दोनों को प्राथिमक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गुलेनार जानबीबी (40), नूरजहां बीबी (50), बानू बीबी (40), अनवारा (30), जयरुद्दीन (50) समेत करीब दस लोगों को हल्की चोट आई हैं। जिन्हें् प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि बस का चालक अपना नियंत्रण खो बैठा था। जिसके कारण वह राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप खाई में गिर गई। बताया कि दुर्घटना में 10 लोग घायल थे। इसमें से दो को गंभीर चोट लगी है। जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।