सिरकोनी (जौनपुर)। जलालपुर थाना क्षेत्र के सरकोनी बाजार में झोलाछाप डॉक्टर से दवा कराने में बुधवार की शाम एक बालिका की मौत हो गयी। इससे गुस्साए परिजनों ने सरकोनी बाजार मे हंगामा खड़ा कर दिया।परिजनों ने घटना की सूचना 100 नम्बर सहित स्थानीय थाने पर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ज़ानकारी के अनुसार खुशी चौहान (12) पुत्री राजकुमार चौहान निवासी कादीपुर की तबीयत खराब थी। परिजन उसका इलाज कराने सरकोनी बाजार स्थित एक झोलाछाप डॉक्टर के यहां ले आये थे। डॉक्टर ने बीमार बालिका को एक इंजेक्शन लगाकर कुछ दवाएं खिलाने को दिया था। अचानक बालिका की तबियत बिगड़ गई। आरोप है कि बालिका के शरीर में चकत्ते और दाने निकलने लगे थे। परिजनों ने बालिका की गंभीर हालत को देखकर शहर के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां पर डॉक्टरो ने इलाज के लिए वाराणसी ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे वाराणसी ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई । मौत की खबर लगते ही परिजनों ने बालिका का शव सरकोनी बाजार में लेकर आये और झोलाछाप डॉक्टर की क्लीनिक के सामने शव रखकर हंगामा करने लगे। इससे वहां पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी सूचना किसी ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष तहसीलदार सिंह तथा उप जिलाधिकारी सदर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॅा. आर के सिंह मौके पर पहुंच गये। इन लोगों ने गुस्साएं परिजनों व लोगों को समझा बुझाकर किसी तरह हंगामा शांत कराया । पुलिस ने झोलाछाप डॉक्टर को हिरासत में ले लिया। पुथानाध्यक्ष तहसीलदार सिंह ने बताया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि उक्त डॉक्टर के रजिस्ट्रेशन की जांच करायी जायेगी। दोषी पाये जाने पर उसके विरुद्घ कार्यवाही की जायेगी।