मछलीशहर। नगर के चुंगी चौराहे के पास शुक्रवार की देर रात स्कार्पियो का टायर फटने के बाद उसमें लदे पांच प्रतिबंधित पशुओं को पुलिस ने बरामद कर लिया। टायर फटने के बाद पशु तस्कर पशुओं से भरी गाड़ी छोड़कर भाग गए। पुलिस अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।
पशु तस्करों ने स्कोर्पियो की पिछली सीट निकाल दी थी और फर्श पर प्लास्टिक का मैट बिछाकर पांच प्रतिबंधित पशुओं को भर दिया था। पशुओं के पैर और गर्दन बांधे गए थे। सभी पशु बेहोश पाए गए। पशुओं से भरा स्कार्पियो शुक्रवार की रात दो बजे नगर के चुंगी चौराहे पर पहुंचा था कि वाहन का अगला पहिये का टायर फट गया जिससे अनियंत्रित गाड़ी पटरी पर चढ़ गई। टायर फटने की आवाज सुन आसपास के लोग अनहोनी की आशंका से मौके पर पहुंचे तो देखा कि स्कार्पियो का टायर फटा है और उसमें पांच पशु लादे गए हैं। यह देख लोग भड़क गए। इसी दौरान अंधेरे का लाभ उठाकर पशु तस्कर वाहन छोड़ फरार हो गए। किसी ने मौके से कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर भीड़ को किसी तरह से शांत किया। वाहन में लदे पशुओं को पुलिस ने आसपास के लोगों को सौंप दिया और वाहन को रात में ही कोतवाली लाकर सीज कर दिया। सीओ सौम्या पांडेय ने बताया की अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन मालिक का पता लगाया जा रहा है। जांच पड़ताल कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।