जौनपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के क्रम में अगस्त माह में अब तक जिले भर में एक उचित दर विक्रेता के विरुद्घ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराते हुए 45 लीटर मिट्टी तेल और एक पिकअप जब्त किया गया है। जिसका अनुमानित मूल्य 401575 रुपये है। चार उचित दर विक्रेताओं का अनुबंध पत्र निरस्त और एक उचित दर विक्रेता के यहां खाद्यान्न वितरण में अनियमितता पाये जाने पर दुकान निलंबित की गई। मछलीशहर के उचितदर विक्रेताओं की जांच में छह उचितदर विक्रेताओं पर अर्थदंड लगाते हुए 31500 रुपये जब्त किए गए। यह जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने दी है।
उन्होंने जिले के समस्त उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे अपनी निर्धारित चैहद्दी पर शासन के निर्देशानुसार उचित दर दूकानों पर समस्त विभागीय सूचनाएं साईनबोर्ड, रेट व स्टाक बोर्ड, टोल फ्री नंबर, कार्डधारकों की सूची, निरीक्षण व शिकायत पुस्तिका, सतर्कता समिति के सदस्यों का नाम व मोबाईल नंबर, जिला शिकायत निवारण अधिकारी का नाम,पद व मोबाइल नंबर सहित केन्द्र सरकार द्वारा खाद्यान्न पर दिये जा रहे सब्सिडी के मूल्य का अंकन प्रदर्शित अवश्य कर दें। ऐसा नहीं करने वालों के विरुद्घ सख्त कार्यवाही की जाएगी।