जौनपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिले में उग्र प्रदर्शन किया। नगर के जेसीज चौराहे पर जुटे बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता जुलूस के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अतुल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने टीडी कालेज के मुख्य द्वार पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। इस दौरान पुतला छीनने को लेकर कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोंकझोंक और धक्का मुक्की भी हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर धरना दिया। यहां वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता के नशे में चूर है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को रिहा करने की खबर आने पर आंदोलन को समाप्त किया।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अमित यादव, टीडी कालेज छात्र संघ अध्यक्ष नवनीत यादव बिट्टू के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जेसीज चौराहे पर पहुंच गए। सपा कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतरता देख पुलिस प्रशासन भी अलर्ट हो गया। जेसीज चौराहे से लेकर कलेक्ट्रेट तक फोर्स लगा दी गई। सपा कार्यकर्ता प्रदेश सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां प्रदर्शन कर सभा की। चेतावनी दी कि सरकार अपने दमनकारी नीतियों में बदलाव नहीं लाती है तो प्रदेशव्यापी आंदोलन होगा। यहां धरना सभा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव ने कहा कि सरकार सत्ता के नशे में चूर होकर मनमानी काम कर रही है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। छात्रनेता नवनीत यादव बिट्टू ने कहा कि भाजपा सरकार को गरीब, किसान, नौजवान और बेरोजगारों से कोई मतलब नहीं रह गया है। कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कौ सौंपा। यहां धरना सभा को श्रवण जायसवाल, अमित यादव, अतुल सिंह, धर्मेंद्र मिश्र, युवजन सभा के जिला उपाध्यक्ष डा. अमित यादव, विकास यादव, शैलेश यातदव, राकेश यादव केराकत ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन में अभिषेक यादव, राजन, सचिन, विनोद, सनी, राहुल, आकाश यादव, रमापति यादव, सतीश यादव, रमाशंकर यादव, आरबी, शिवम, कुंदन आदि शामिल थे।