जौनपुर। गोरखपुर मेडिकल कालेज में आक्सीजन की कमी के चलते हुई बच्चों की मौत पर आम आदमी पार्टी ने चिंता जताई है। आप कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदेश प्रवक्ता डा. अनुराग मिश्र के नेतृत्व में केंद्रीय कार्यालय से कैंडिल मार्च निकाला। नगर पालिका परिसर स्थित चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर दो मिनट का मौन धारण किया और योगी सरकार की आलोचना करते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
इस दौरान डा. अनुराग मिश्र ने कहा कि योगी सरकार का यह कहना कि बच्चों की मौत आक्सीजन से नहीं जापानी बुखार से हुई है, हास्यास्पद है। बच्चों की मौत पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। मीडिया प्रभारी सूर्य नारायण सिंह मुन्ना ने कहा कि योगी के स्वास्थ्य मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री का यह कहना कि अगस्त में बच्चों की मौत इस बीमारी से ज्यादा होती है, चिंताजनक है। जिला सचिव मो. हैदर खान ने कहा कि मारे गए बच्चों के परिवार को सरकार 25-25 लाख रुपये मुआवजा दे। किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अमरनाथ यादव ने कहा कि लोगों से जुड़े हर मामले पर बोलने वाली मोदी सरकार इस मुद्दे पर चुप क्यों है। योगी सरकार अगर बच्चों का पोस्टमार्टम कराई होती तो बच्चों के मौत की सही कारण सामने आता। सरकार ने जैसे मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल को निलंबित किया है, वैसे ही स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा ले लेना चाहिए। मंत्री का इस्तीफा नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी आंदोलन करेगी। मीरगंज क्षेत्र में बीआरडी अस्पताल गोरखपुर में आक्सीजन की कमी से जान गवांने वाले बच्चों को श्रद्धांजलि दी गईै। जंघई में युवाओं ने सोमवार को कैंडल मार्च निकाल कर बच्चों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। कैडिल मार्च में अनुराग यादव, राहुल यादव, सचिन दुबे, राजन चौरसिया आदि मौजूद रहे।