जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिषद की बैठक में खेल व्यवस्था को सुधारने के साथ खिलाड़ियों का डीए और भत्ता बढ़ाने पर सहमति बनी। विश्वविद्यालय के खेल कैलेंडर में तीन नए गेम को शामिल किया गया। विश्वविद्यालय कैलेंडर में अब खेलों की संख्या 33 से बढ़ कर 36 हो गई।
क्रीडासचिव डा, शेखर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में खिलाड़ियों का डीए 500 से बढ़ाकर 600 करने पर सहमति बनी। साथ लोकल यात्रा के नाम पर मिलने वाले भत्ते को बढ़ा कर 100 रुपये से डेढ़ सौ रुपये कर दिया गया। इसके अलावा विवि परिसर में खेलों के लिए अलग-अलग मैदान बनाए जाने पर विचार विमर्श किया गया। ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर खेल के लिए तैयार किया जा सके। विवि के खेल कैलेंडर में अभी तक 33 गेम शामिल थे। कैलेंडर में तीन खेल और जुड गए। अब खेलों की संख्या बढ़कर 36 हो गई। कैलेंडर में तीन नए खेल महिला और पु्रुष फाइव साइड हाकी व मार्शल आर्ट का खेल उशू को शामिल किया गया है। बैठक में डा. एसपी सिंह, डा. रंजीत पांडेय, डा. शेषनाथ मधुकर, डा. रामनारायन, रजिस्ट्रार डा. देवराज, वित्त अधिकारी एमके सिंह, डा. संजय नारायण सिंह, डा. अमरजीत सिंह आदि मौजूद थे।