जौनपुर। प्रदेश की भाजपा सरकार की ओर से रक्षाबंधन के दिन रोडवेज बसों से मुफ्त यात्रा के सौगात से बड़ी संख्या में गरीब महिलाओं को राहत मिलेगी। यह सुविधा रविवार रात 12 बजे से लागू होने के कारण बहुत सी बहनें राखी बांधने के उद्देश्य से भाइयों के घर मध्यरात्रि के बाद ही रवाना हो जाएंगी। रोडवेज ने महिलाओं को यह सुविधा देने और उन्हें किसी बात की परेशानी न हो, इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुफ्त यात्रा की सुविधा 24 घंटे के लिए है लिहाजा बहनें भाइयों को राखी बांधने के बाद मुफ्त में रोडवेज बसों से अपने घर भी लौट आएंगी।
मुफ्त यात्रा की यह सुविधा रोडवेज की साधारण बसों के अलावा वातानुकूलित बसों में भी मिलेगी। जौनपुर रोडवेज डिपो से 106 बसों का संचालन गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद व वाराणसी आदि स्थानों के लिए किया जाता है। इसमें 92 बसें निगम की और 14 बसें अनुबंधित हैं। वहीं गोरखपुर व इलाहाबाद जाने के लिए दस वातानुकूलित बसें रोडवेज डिपो से होकर गुजरती हैं। सभी प्रकार की बसों में रविवार की रात 12 बजे से सोमवार की रात 12 तक महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा सरकार ने प्रदान की है। इसके लिए जौनपुर रोडवेज डिपो में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा कराने के लिए परिचालक के पास रहने वाली एसटीएम में ऐसी व्यवस्था की गई है कि जिसमें जी का बटन दबाते ही महिला की मुफ्त यात्रा की जानकारी विभाग को हो जाएगी। अगर एटीएम मशीन खराब हो जाती है तो परिचालक महिला का नाम व मोबाइन नंबर नोट करेगा, जिसे रोडवेज में दर्ज कराना होगा।
एआरएम केशरी नंदन चौधरी रक्षाबंधन पर महिलाओं को रोडवेज की बसों में फ्री यात्रा कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह सुविधा रविवार रात 12 बजे से सोमवार की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान वातानुकूलित और साधारण बसों में महिलाएं फ्री यात्रा कर सकती हैं। परिचालकों के पास रहने वाली टिकट मशीन में जी का बटन दबाने पर मुफ्त यात्रा की सूचना विभाग को हो जाएगी। मशीन खराब होने की दशा में संबंधित महिलाओं के नाम व मोबाइल नंबर नोट कर उन्हें मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।