सुजानगंज। अस्पताल में पैसा वसूलने और बाहर से जांच कराने के लिए दबाव बनाने की शिकायत पर मुंगराबादशापुर की विधायक सुषमा पटेल ने शनिवार को अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सक और स्टाफ को चेताया कि मरीजों को सुविधा देने में किसी तरह की लापरवाही न बरतें। उन्होंने अस्पताल में भर्ती और प्रसव के लिए आने वाली महिला की सुविधा के बारे में पूछा और अभिलेखों की जांच की।
अस्पताल में मौजूद लोगों ने विधायक से बताया कि ओपीडी के बाद इमरजेंसी सेवाओं के लिए तैनात कुछ डाक्टर अपने कमरे में बैठकर लोगों से फीस के नाम पर पचास रुपये शुल्क लेते हैं। फीस न देने पर डाक्टर इलाज करने से मना कर देते हैं। ओपीडी के दौरान भी डाक्टर बाहर की महंगी दवाएं लिखते हैं। फरीदाबाद गांव निवासी शिवदेवी पत्नी रमाकांत व विजय शंकर गौड़ निवासी छंगापुर ने विधायक से बताया कि अस्पताल में पैथोलॉजी होने के बाद भी मलेरिया, टाइफायड, बलगम आदि की जांच बाहर से कराने का दबाव बनाया जाता है। विधायक ने अस्पताल में ओपीडी रजिस्टर, स्टाफ रजिस्टर, प्रसव रजिस्टर, तथा जनरल वार्ड व प्रसव कक्ष में जाकर निरीक्षण किया। जून और जुलाई माह में अस्पताल में हुए प्रसव और प्रसव के बाद महिलाओं को दी जाने वाली राशि के बारे में जानकारी ली। अस्पताल में फैले बदइंतजामी के लिए विधायक ने डाक्टरों को फटकार लगाई। विधायक ने कहा कि मरीजों पर बाहरी दवा, फीस के नाम पर पैसा वसूलने तथा बाहर से जांच कराने का दबाव बनाने की शिकायत मिली है। इसकी शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी से करेंगी। अधीक्षक डा. एके सिंह का कहना कि दो दिन पूर्व ही उन्होंने अस्पताल का चार्ज लिया है। अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाएगी।