जौनपुर। जिले के अलग -अलग स्थानों पर गुरुवार को हुए सड़क हादसों में बाइक सवार दो किशोरों समेत तीन की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुंगराबादशाहपुर : कस्बे के सुजानगंज बाईपास मार्ग पर गुरुवार की शाम सायं ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो किशोरों की मौत हो गई। नगर के सिपाह मोहल्ला निवासी साहिल (16 ) पुत्र सिराज एवं साहिल (14 ) पुत्र नौशाद एक बाइक पर सवार होकर नई बाजार की तरफ जा रहे थे। सुजानगंज बाईपास मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां साहिल पुत्र नौशाद को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि बाइक चला रहा साहिल पुत्र सिराज का उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
रामपुर: स्थानीय थाना क्षेत्र के बीकापुर गांव के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। आशापुर गांव निवासी शारदा देवी यादव (55) अपने पति विजय यादव के साथ बाइक से अपने नए मकान पर सहनपुर गांव जा रही थी। बीकापुर गांव के पास पहुंचे थे तभी ट्रैक्टर से धक्का लगते ही पीछे बैठी शारदा देवी सड़क पर गिर पड़ीं। ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। स्थानीय लोगों की मदद से पीएचसी पहुंचाया गया। जहां से रेफर किए जाने के बाद उन्हें भदोही के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। ट्रैक्टर छोड़ चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।
मछलीशहर: स्थानीय रोडवेज डिपो के पास दो बाइक की सीधी टक्कर में दो लोग घायल हो गए। सिकरारा थाना क्षेत्र के कुरनी गांव निवासी अशोक यादव (43) बाइक से मछलीशहर रोडवेज के पास पहुंचे थे तभी कस्बा निवासी रमेश विश्वकर्मा (40) की बाइक से आमने सामने टक्कर हो गई। दोनों को कस्बे के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां से अशोक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।