डोभी (जौनपुर)। स्वच्छ भारत अभियान के तहत काया कल्प अवार्ड योजना के मद्देनजर डा. फैजल रहमान और डा. वरुण प्रभा के नेतृत्व में आई असेसमेंट टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निरीक्षण किया। इस दौरान पैथालाजी. डाक्टर चेम्बर, मरीजों के बैठने के स्थान, स्टोर रूम, महिला प्रसूति वार्ड, टीका करण प्रतिरक्षण रूम, सभागार, वार्ड, शौचालय, हर्बल गार्डेन पर सफाई की स्थिति देखी।
टीम ने पैथालाजी में बेहतर सफाई का निर्देश दिया। प्रसूति वार्ड में कर्मचारियों को और प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। टीम का नेतृत्व कर रहे डा. फैजल रहमान ने बताया कि कायाकल्प अवार्ड योजना के तहत प्रदेश भर में जिला अस्पताल और सीएचसी में सफाई आदि को लेकर रैंकिंग की जा रही है। प्रदेश स्तर पर अवार्ड की घोषणा होगी। जिसमें जिला अस्पताल को प्रथन पुरस्कार के रूप में 15 लाख, द्वितीय पुरस्कार 10 लाख तथा 70 फीसदी से अधिक रैंक लाने वाले को विशेष राशि दी जाएगी। इसी प्रकार सीएचसी को भी अवार्ड के साथ नगद धन राशि दी जाएगी। इस अवसर पर मंडल कंसलटेंट डा. तनवीर सिद्दीकी, डा. क्षितिज पाठक उपस्थित थे। (ब्यूरो)