नेवढ़िया (ब्यूरो)। स्थानीय थाना क्षेत्र के भवानीगंज बाजार में स्थित यूबीआई की शाखा से रुपये निकाल कर लौट रहे युवक को बाइक सवार बदमाशों ने असलहे से आतंकित कर दस हजार रुपये लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले।
रामपुर थाना क्षेत्र के कदमतर रनापुर गांव निवासी जवाहरलाल पटेल यूबीआई की भवानीगंज शाखा से रुपये निकाल कर घर लौट रहा था। वह बैंक गेट से महज सौ मीटर दूर पहुंचा था तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और साइकल सवार युवक को रोक लिया। एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया और दूसरे ने उसकी जेब से दस हजार रुपये निकाल लिए। दोनों बदमाश जिस दिशा से आए थे उसी दिशा में फरार हो गए। घटनास्थल से महज सौ मीटर दूरी पर पुलिस की डायल 100 गाड़ी भी खड़ी थी। शोर सुनकर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित युवक से पूछताछ कर छानबीन भी की लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चल सका। पीड़ित युवक को लेकर पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले लेकिन बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका। (ब्यूरो)