जौनपुर। उत्तर प्रदेश भूमि सुधार निगम द्वारा बदलापुर ब्लाक के दनुआ व कोडरकला गांव में पांच लाख 81 हजार 169 रुपये की लागत से ऐसे स्थान पर कंटूर बांध व पेरीफेरल बांध का निर्माण करा दिया गया था। जहां दोनों बांधों के बनाने की कोई आवश्यकता नहीं थी। इसका खुलासा जांच अधिकारी उपायुक्त स्वत: रोजगार कमलेश सोनी द्वारा जांच करने पर हुआ। जिस पर कार्यवाही करने के लिए जांच अधिकारी द्वारा डीएम को जांच रिपोर्ट भेज दी गई है।
उत्तर प्रदेश भूमि सुधार निगम द्वारा बदलापुर ब्लाक के दनुआ गांव में कंटूर व पेरीफेरल बांध सहित चेकडैम व ड्राप स्पीलवे का निर्माण किया गया। इस दौरान चार लाख 23 हजार 429 रुपये में कंटूर व पेरीफेरल बांध बनाया गया है। जिसमें मिट्टी का कार्य जेसीबी द्वारा कराया गया है। साथ ही इन बांधों को ऐसे स्थानों पर बना दिया गया था। जहां इसकी कोई उपयोगिता नहीं है। लगभग यही स्थित कोडरकला गांव में भी है। यहां भी कंटूर व पेरीफेरल बांध सहित चेकडैम व ड्राप स्पीलवे का निर्माण किया गया है। इस दौरान एक लाख 57 हजार 739 रुपये में कंटूर व पेरीफेरल बांध बनाया गया है। जिसमें मिट्टी का कार्य जेसीबी द्वारा कराया गया है। साथ ही इन बांधों को ऐसे स्थानों पर बना दिया गया था। जहां इसकी कोई उपयोगिता नहीं है। जिसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने इसकी जांच उपायुक्त स्वत: रोजगार को सौपी। उपायुक्त स्वत: रोजगार कमेलेश सोनी ने इसकी जांच की। इस दौरान दोनों गांवों में कंटूर व पेरीफेरल बांध ऐसे स्थान पर बनाए गए पाए गए। जहां इनके बनाने का कोई औचित्य नहीं था। साथ ही मिट्टी का कार्य जेसीबी से कराया गया मिला। इस संबंध में उपायुक्त स्वत: रोजगार कमलेश सोनी ने बताया कि कार्यवाही करने के लिए जांच रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है।