जौनपुर। जिले में दोहरा विक्रेताओं की कमर तोड़ने में प्रशासन जुट गया है। जिन दुकानदारों के नमूने फेल हुए हैं उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुरू कर दी है। ऐसे दुकानदारों के यहां निर्माण व वितरण पर अस्थायी रूप से एक साल तक रोक लगाने के लिए पत्रावली तैयार कर खाद्य सुरक्षा आयुक्त लखनऊ को भेजने की तैयारी है।
जिले में दोहरे को बंद कराने की मांग काफी लंबे समय से चली आ रही है। इसके कारण कई लोग मौत की गाल में समा चुके हैं। जिसको गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा पिछले महिने में दोहरा निर्माण करने व वितरक करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। जिसमें विभाग में कुल पंजीकृत 27 और तीन अन्य निर्माता व वितरकों को सुधार नोटिस जारी की गई। इसके बाद सभी के लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया। साथ ही 20 दुकानों से नमूने भी लिए गए। जिसमें जांच के बाद 13 नमूने फेल (असुरक्षित) रहे। इसके बाद विभाग ऐसे दुकानदारों व वितरकों का लाइसेंस निरस्त करते हुए मुकदमा कायम कराने की तैयारी में जुट गया है।
इसके लिए विभाग परिवाद पत्र तैयार कर खाद्य सुरक्षा आयुक्त लखनऊ को भेज दिया है। एक माह के अंदर एसीजेएम के न्यायालय में परिवाद दाखिल कर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं दोहरे के निर्माण व वितरण पर अस्थायी रूप से एक साल तक रोक लगाने के लिए पत्रावली डीएम के यहां पहुंच गई है। वहां से स्वीकृत होकर आने के बाद पत्रावली खाद्य सुरक्षा आयुक्त लखनऊ को भेजा जाएगा। स्वीकृत मिलने पर दोहरा निर्माण व वितरण पर उक्त समय तक अस्थाई रूप से रोक लगा दी जाएगी।
दोहरा पर अस्थायी रूप से एक साल तक रोक लगाने और फेल हो चुके नमूने से संबंधित दुकानदारों व वितरकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। जिसे शीघ्र ही क्रियान्वित किया जाएगा। - डॉ. वेदप्रकाश मिश्र, अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा व औषधी प्रशासन