स्थानीय इलाके के धनियांमऊ के पास मंगलवार की शाम मिट्टी लदा डंपर 33 हजार वोल्ट लाइन के पोल से टकरा गया जिससे पोल धराशायी हो गया। दो विद्युत उप केंद्रों की सप्लाई बाधित हो गई जिससे तकरीबन 150 गांव प्रभावित हुए हैं। इन गांवों में अंधेरा छा गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 56 को फोरलेन बनाने का काम चल रहा है। सड़क निर्माण के लिए डंफर से मिट्टी गिराई जा रही है। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे मिट्टी लदा डंफर पोल से टकरा गया और पोल धराशायी हो गया। फोन कर के लोगों ने सूचना दी जिससे बदलापुर से सप्लाई बंद की गई। इसी लाइन से नौपेड़वा और सवंशा विद्युत उपकेंद्र को सप्लाई आती है। जिससे इन दोनों विद्युत उपकेंद्रों पर बिजली की सप्लाई बंद हो गई है।
दो विद्युत उपकेंद्र के पांच फीडर से जुड़े नौपेड़वा, बेलापार, मोहम्मदपुर, मड़ैया, गोरियापुर, करतिहा, मगरेसर, दरियावगंज, मई, खुशहूपुर, बक्शा, संवंसा, लखनीपुर, चुरावनपुर, सद्दोपुर, गोपालापुर, उमरपुर, शिवगुलामगंज, सवंशा समेत तकरीबन 150 गांवों की बिजली सप्लाई ठप हो गई है। अवर अभियंता एसएन सिंह ने बताया कि रात होने के कारण अभी पोल ठीक करने का काम शुरू नहीं किया गया है। अगले दिन सुबह मौसम सही रहा तो पोल को ठीक कराने का काम शुरू कराया जाएगा। बुधवार की देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।