जौनपुर। ग्राम प्रधानों का कार्यकाल खत्म होने के बाद पंचायतों की कमान संबंधित ब्लाक के एडीओ पंचायत को सौंपी गई है। जिले में 21 ब्लाकों के सापेक्ष महज 15 एडीओ पंचायत होने के नाते छह एडीओ के कंधे पर दोहरी जिम्मेदारी है। सभी एडीओ पंचायत ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से गांवों की व्यवस्था का संचालन करेंगे।
डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सिरकोनी के एडीओ परमानंद को सिरकोनी और जलालपुर, धर्मापुर के लालजी को धर्मापुर, मुफ्तीगंज के एडीओ रामप्रवेश सिंह को मुफ्तीगंज व करंजाकला, डोभी के एडीओ ज्योति प्रकाश शुक्ला को डोभी व केराकत, खुटहन के एडीओ विजय बहादुर धुरिया को खुटहन व शाहगंज, महराजगंज के चंद्रप्रताप सिंह को महराजगंज, सुईथाकला, बदलापुर के रामअवध राम को बदलापुर व बक्शा ब्लाक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कृष्ण कुमार पांडेय को सुजानगंज, शिवशंकर मिश्र को मुंगराबादशाहपुर, रामनिहोर को मछलीशहर, प्रमोद कुमार को मड़ियाहूं, उमाकांत पांडेय को रामनगर, राजनाथ मिश्र को रामपुर, राजेश कुमार को बरसठी और राधेश्याम यादव को सिकरारा ब्लाक क्षेत्र के गांवों की कमान दी गई है। अब जिले के 1749 ग्राम पंचायतों में अवशेष कार्य और उनका भुगतान प्रधान की बजाय एडीओ पंचायत व सचिव के डोंगल से ही होगा।
देर रात तक होती रही मतदाता सूची की फीडिंग
जौनपुर। पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य शनिवार की देर रात तक चलता रहा। सूची का अनंतिम प्रकाशन 27 दिसंबर को होना है। इसके लिए पोर्टल लॉक होने से पहले ही ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची में नए बढ़े नाम, संशोधन आदि का ब्योरा दर्ज किया जाता रहा। डीपीआरओ संतोष कुमार ने बताया कि रात 12 बजे तक पोर्टल चालू रहेगा। इसके बाद पुनरीक्षित सूची का अनंतिम प्रकाशन कर आपत्तियां ली जाएंगी।