जौनपुर। सावन माह शुरू होते ही शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कांवरियों की धूम मच गई है। जलाभिषेक के लिए कांवरियों का जत्था गाजे बाजे के साथ नाचते गाते बाबा नाथ धाम और बाबा विश्वनाथ धाम के लिए रवाना हुए। गुरुआ वस्त्र धारण किए कांवरिए डीजे की धुन पर झूम रहे थे। जगह-जगह से कावंरियों का जत्था दर्शन के लिए रवाना हुआ।
मडियाहूं: बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए नगर के पक्का पोखरा स्थित रामेश्वरम महादेव मंदिर के परिसर से प्राचीन कांवरिया संघ के नेतृत्व में सैकड़ो कांवरियों का जत्था विंध्याचल के लिए रवाना हुआ। जुलुस के रूप में डीजे व ढोल नगाड़े पर झूमते हुए नगर के कजियाना, मिश्राना, गोला बाजार, सदरगंज, शिवाजी नगर होते हुए निकला। जत्थे में शामिल लोग रविवार की शाम विंध्याचल से जल लेकर वापस लौटेंगे और नगर के डाक बंगले के पास विश्राम करेंगे। सोमवार को सुबह रामेश्वरम महादेव मंदिर तथा नीलकंठ महादेव मंदिर समेत क्षेत्र के अन्य शिवालयों पर जलाभिषेक करेंगे। कावरियों के उत्साह वर्धन के लिए विधायक डा. लीना तिवारी भी जुलुस में शामिल रही। इस दौरान मुख्य रूप से कांवरिया संघ अध्यक्ष बृजेश कुमार दुबे, अपूर्व तिवारी, विनोद सेठ, हरदीप सिंह सोनू, डा. परमजीत सिंह, टम्पू सेठ आदि शामिल रहे।