जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के चांदपुर रेलवे क्रासिंग के पास गुरुवार की रात सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर बाइक सवार छात्र नेता समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामे की औपचारिकता के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।
टीडी कालेज छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री एवं नगर कोतवाली क्षेत्र के परमानतपुर कालीकुत्ती निवासी विजय कुमार सिंह (30) पुत्र तिलकराज सिंह अपने साथी इसी मोहल्ले के निवासी मनीकांत मिश्र (30) पुत्र जयप्रकाश मिश्र के साथ किसी काम से मड़ियाहूं गए थे। रात में दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे चांदपुर रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे थे तभी सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक टकरा गई। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। जबकि ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
नगर के आजमगढ़ मार्ग पर पुरानी बाजार के पास अचानक सामने आए कुत्ता को बचाने के चक्कर में बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरकर घायल हो गया। कोतवाली क्षेत्र के सबरहद रसूलपुर गांव निवासी मो. कासिम खान (28) पुत्र अब्दुल वाहिद किसी काम से बाजार आया था। जहां हादसे का शिकार हो गया। उसे राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।