शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव में सोमवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर मनबढ़ पड़ोसियों ने तीन महिलाओं को पीटकर घायल कर दिया। आरोप है कि सूचना पर पहुंची के सामने भी महिलाओं की पिटाई की गई।
गांव निवासी शिवाकांत दुबे का पड़ोसी से काफी समय से भूमि विवाद चल रहा है। सोमवार की सुबह परिवार के लोग अपने काम पर निकल गए। उधर पड़ोसियों ने भूमि पर कब्जा करना शुरू कर दिया। महिलाओं ने घटना की सूचना डायल 100 को दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने पीड़ित पक्ष की महिलाओं ने अतिक्रमण को रोकवाने की बात कही तो आरोप है कि पुलिस कर्मियों के सामने ही लाठी डंडे से पिटाई कर दी गई। जिससे सीता देवी (42) पत्नी शिवाकान्त दुबे, तारा देवी (40) पत्नी सभाकान्त दुबे व कान्ती देवी (60) पत्नी स्व. चन्द्रकांत घायल हो गई। मारपीट के दौरान पुलिस वहां से बिना कार्यवाही के ही निकल गई। घायलों को ग्रामीणों द्वारा राजकीय पुरुष चिकित्सालय लाया गया। जहां कान्ती देवी की हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।