बरसठी। स्थानीय थाना क्षेत्र के महथिया गांव में कटियामारों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पहुंची बिजली विभाग की टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई न होने से खफा अवर अभियंता ने फीडर बंद करने की चेतावनी दी है।
बीते गुरूवार की रात नेवढ़िया फीडर के जेई अभिषेक केसरवानी और उनकी टीम के चार लाईनमैन महथिया गांव में कटियामारों के यहां औचक निरीक्षण करने पहुंचे। दर्जन भर उपभोक्ताओं की चेकिंग करने के बाद गांव के पंधारी यादव के यहां आटाचक्की पर पहुंचे। वहां पीछे से कटियामार कर बिजली मीटर को बाईपास कर मोटर चलाई जा रही थी। जेई की टीम ने कागजातों की मांग की तो उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने पुलिस को सूचना दिया। थोड़ी देर में पहुची पुलिस को देखकर मनबढ़ भाग गये। बिजली विभाग की टीम ने थाने आकर बिजली चोरी करने वाले चार के खिलाफ नामजद तहरीर दिया है। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं करने से नाराज जेई ने फीडर से संचालित तीन सौ गांवो की बुधवार से बिजली बंद करने की चेतावनी दी है।