जौनपुर। खेतासराय स्थित गूूजरताल की सात नर्सरियों में इस साल 32 लाख मत्स्य बीज का उत्पादन का ल्क्ष्य रखा गया है। इसके बाद इन नर्सरियों से उत्पादित मत्स्य बीजों को पट्टे व निजी तालाबाें में छोड़वाया जाएगा। इसके लिए उक्त तालाब स्वामियों को मत्स्य बीजों का पैसा देना होगा।
जिले के मत्स्य बीज उत्पादन का केंद्र खेतासराय के खुदौली गांव स्थित गूजरताल मत्स्य परिक्षेत्र है,जो 21 हेक्टेयर में फैला हुआ है। जिसमें हर साल मत्स्य विभाग द्वारा मत्स्य बीजों का उत्पादन किया जाता है। हर साल की तरह इस साल भी इसमें 32 लाख मत्स्य बीज उत्पादन का लक्ष्य रखा गया। इन मत्स्य बीजों के तैयार हो जाने के बाद उनको पट्टे और निजी तालाबों में छोड़ने का कार्य किया जाएगा। लेकिन पट्टा धारक और निजी तालाब स्वामियों को पैसा देने के बाद ही मत्स्य बीज उपलब्ध कराया जाएगा। बता दें कि जिले में 1997 तालाब पट्टे के हैं, जिनका रकबा 1317 हेक्टेयर है। वहीं चार हजार 445 निजी तालाब हैं। जिनका रकबा 628 हेक्टेयर है।
प्रभारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य सरोज मिश्रा ने बताया कि मत्स्य बीज का उत्पादन कर तालाब स्वामियों को सस्ते दर पर मत्स्य बीज दिया जाएगा। इस साल गूजरताल परिक्षेत्र में 32 लाख मत्स्य बीज उत्पादन का लक्ष्य है।