जौनपुर। अपात्र राशन कार्ड धारक खुद अपने संबंधित पूर्ति कार्यालय में राशन कार्ड जमा कर दें। ऐसा नहीं करने वाले अपात्र राशन कार्ड के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। साथ ही बाजार मूल्य के हिसाब से खाद्यान्न की रिकवरी की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में राशन कार्ड का सत्यापन किया जा रहा है। कार्डो का सत्यापन ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, लेखपाल, नगर पंचायत व नगर पालिका के कर्मचारियों द्वारा यिा जा रहा है। इस दौरान मौके पर ही अपात्र राशन कार्डो को निरस्त करते हुए सूची बनाने और पात्र राशन कार्डो का चयन करते हुए सूची बनाने का कार्य किया जा रहा है। जिससे सभी पात्र लोगों को आराम से राशन कार्ड मिल सके। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सारी जिम्मेदारी सत्यापन कर्मी की होगी। उन्होंने कहा कि अपात्र राशन कार्ड धारक अपने कार्ड तहसील स्तर पर स्थित आपूर्ति कार्यालय और जिला पूर्ति कार्यालय में जमा कर दें। ऐसा नहीं करने वाले राशन कार्ड धारक के विरद्ध कार्यवाही की जाएगी।