जलालपुर। जलालगंज रेलवे क्रासिंग के अंदर ट्रैक्टर का गुल्ला टूट जाने से पहिया बाहर चला गया और ट्रैक्टर रेलवे ट्रैक पर ही फंस गया। इससे दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। आधे घंटे तक आउटर पर मालगाड़ी खड़ी रही। काफी देर बाद ट्रैक्टर हटाकर रास्ता साफ कराया जा सका।
गेटमैन ब्रिज किशोर ने बताया कि रविवार की शाम करीब पांच बजे डाउन इम्प्टी बॉक्स यन मालगाड़ी आ रही थी। जिसके लिए गेट बंद करने जा रहा था कि जलालपुर से थानागद्दी की तरफ जा रहे खाली ट्रैक्टर का गेट के बीच में पहुंचते ही अचानक गुल्ला टूटने से चक्का बाहर निकल गया। जिससे ट्रैक्टर वहीं गेट के बीचोबीच खड़ी हो गई। जिससे गाड़ी को आउटर पर ही रोकना पड़ा और गेट बंद होने से गेट के दोनों तरफ भीषण जाम लग गया। आधे घंटे बाद किसी तरह से दूसरे ट्रैक्टर के माध्यम से खींचकर ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया। इसके बाद गाड़ियों का आवागमन शुरू हो सका। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। स्टेशन अधीक्षक शिवशंकर यादव का कहना है कि ट्रैक्टर खराब होने से मालगाड़ी लगभग 30 मिनट तथा साबरमती एक्सप्रेस पांच मिनट देर हुई।