जौनपुर। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री एवं विधायक पारसनाथ यादव ने कहा कि अब हम समाजवादियों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। गठबंधन में यह सीट बसपा के खाते में गई है। हमें पूरी ईमानदारी व निष्ठा से गठबंधन के प्रत्याशी को जीत दिलाकर राष्ट्रीय नेतृत्व के आदेशों का पालन अपने कर्तव्य के रुप में करना है। एक एक वोट को अभी से संजोने में लग जाए क्योंकि लड़ाई बड़ी है। इस लड़ाई में कुछ सोचने जैसी बात नहीं है। रविवार को मल्हनी विधानसभा के सेक्टर प्रभारियों के साथ लखौवां में बैठक बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में हमेशा आप एक जैसे नहीं रह सकते है। जिम्मेदारियां समय, काल परिस्थिति के अनुसार बदलती रहती है। इसलिए हमें एक बात को हमेशा ध्यान में रखना चाहिए कि नेता की नीति, सिद्धांत और विचारधारा पर चलकर ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। कहा कि आप सभी अपने बूथ प्रभारियों से बेहतर तालमेल करके काम करें। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सोचनराम विश्वकर्मा, आरबीयादव, धर्मराज, दिवाकर यादव, निजामुद्दीन, राजेश गुड्डू, आदि उपस्थित रहे। संचालन महासचिव रामयश और अध्यक्षता रामधारी पाल ने किया।