सहायक अध्यापक ( प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी) परीक्षा 6 दिसंबर को आयोजित होगी। यह परीक्षा दो पालियों में होगी। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के मुताबिक पहली पाली की परीक्षा जिले के 12 केंद्रों पर सुबह 9 से 11 बजे तक होगी। जबकि दूसरे पाली में 19 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में लगभग 14304 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पूर्व केंद्रों में प्रवेश बंद हो जाएगा और डेढ़ घंटे पूर्व से प्रवेश प्रारंभ हो जाएगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार की जिलाधिकारी ने बैठक भी की थी। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनपद में परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर समयबद्धता का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित समयानुसार ही संचालित हो। परीक्षा के पारदर्शी संचालन हेतु प्रशासन की ओर से कुल 19 सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। प्रश्नपत्रों का सुरक्षित परिवहन एवं स्ट्रॉन्ग रूम की व्यवस्था पूर्व निर्धारित मानकों के अनुरूप हो। लगभग एक हजार कक्ष निरीक्षको को टीडी इंटर कॉलेज में 3 दिसंबर 2025 को मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। नकलविहीन परीक्षा के लिए प्रवेश पर बायोमेट्रिक/फेसस्किंग प्रक्रिया सख्ती से लागू की जाएगी।