जौनपुर। ओमिक्रान का संक्रमण बढ़ने के बाद जिले में 297 लोग विदेश से यात्रा करके आए हैं। इसमें से 13 लोग ऐसे हैं, जो विदेश (हाई रिस्क कंट्री) से आए हैं। शेष 284 लोग ऐसे हैं, जो सामान्य देशों से आए हैं। इनकी जांच एयरपोर्ट पर कराई गई थी। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। विदेश से आने वाले 13 लोगों को होम आइशोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग नियमित रूप से इनकी निगरानी कर रहा है। आठवें दिन सभी की सैंपलिंग कराई जाएगी।
जिले में आने वाले 13 लोग ऐसे हैं, जिसमें ब्राजील से एक , यूक्रेन से एक, स्पेन दो, यूके दो, सिंगापुर दो, जर्मनी दो, मारिशस से दो और अमेरिका से एक लोग यात्रा करके जिले में आए हैं। बाहर से आने वाले लोगों में बदलापुर, खुटहन, बक्शा के अलावा शहर के अलग-अलग वार्डों के चार लोग शामिल हैं। एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग ने सभी की सैंपलिंग की थी। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इन लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इनको निर्देश दिया गया है कि यदि कोई दिक्कत होती है तो विभाग को सूचना देंगे। स्वास्थ्य फोनकर नियमित रूप से इनकी निगरानी कर रहा है। आठवें दिन सभी की सैंपलिंग कराई जाएगी।
चार रेलवे स्टेशन और रोडवेज परिसर में शुरू हुई सैंपलिंग
जौनपुर। ओमिक्राम वायरस के संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। बाहर से आने वाले लोगों की सैंपलिंग कराने के बाद ही घर जाने दिया जा रहा है। सैंपलिंग के लिए जफराबाद रेलवे स्टेशन, सिटी रेलवे स्टेशन, शाहगंज रेलवे स्टेशन, जौनपुर जंक्शन (भंडारी) रेलवे स्टेशन, रोडवेज परिसर शहर और शहर कोतवाली परिसर में सैंपलिंग के लिए कैंप लगाया जा रहा है। जिला महामारी रोग अधिकारी डा. जियाउल हक का कहना है कि ओमिक्रान के संक्रमण को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है। पर्याप्त स्थानों पर सैंपलिंग कराई जा रही है।