जौनपुर। जिले की बदहाल सड़कों की तस्वीर फिलहाल बदलती नहीं दिख रही है। बारिश से पहले सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन बजट स्वीकृत न होने के कारण सभी प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित हैं। ऐसे में लोगों को बारिश के दौरान गड्ढों से भरी सड़कों पर ही सफर करना पड़ेगा।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने जिले में सड़क और सेतु निर्माण से जुड़े कुल 1281 कार्यों का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इनमें 1187 सड़कें और 94 पुल (सेतु) शामिल हैं। इन परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत करीब 5825 करोड़ रुपये है, लेकिन अभी तक किसी भी प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिल सकी है।
पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय एवं निर्माण खंड की ओर से 44 सड़कों के चौड़ीकरण के लिए 2755 करोड़ रुपये, 832 नई सड़कों के निर्माण के लिए 718 करोड़ रुपये, 311 सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए 980 करोड़ रुपये तथा 94 सेतु निर्माण के लिए 1375 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि बारिश के बाद बजट स्वीकृत होने पर इन परियोजनाओं पर काम शुरू किया जा सकेगा।
बारिश में बढ़ी परेशानी, राहत के लिए करना होगा इंतजार
बारिश के चलते सड़कों के गड्ढे और गहरे हो गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई मार्गों पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है। ऐसे में जिलेवासियों को फिलहाल बेहतर सड़कों और गड्ढा मुक्त मार्गों के लिए शासन से बजट स्वीकृति का इंतजार करना होगा।
एक नजर
योजना का नामप्रस्तावित कार्यअनुमानित लागत
नव निर्माण...............832 ..........................718 करोड़
चौड़ीकरण...............44.............................2755 करोड़
गड्ढा मुक्ति..............311...........................980 करोड़
सेतु निर्माण.................94...........................1372 करोड़ ..................................................
सड़कों को गड्ढा मुक्ति, नव निर्माण व चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजे गए हैं। जैसे ही बजट की स्वीकृति होगी, सड़कों का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। बारिश के मद्देनजर गड्ढों को ठीक कराया जा रहा है। -राजेंद्र कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड
बरसठी क्षेत्र के खुआवां लालपुर मार्ग बदहाल। संवाद।