बदलापुर। मंडल लखनऊ के रेल प्रबंधक सतीश कुमार ने ट्रैक मैन श्रीकृष्ण नगर लव कुमार पाण्डेय को अपने कैंप कार्यालय में 28 जनवरी को आयोजित सम्मान समारोह में मंडल संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया है। उन्हें यह सम्मान ट्रैक की सुरक्षा में उठाए गए कदम पर दिया गया है। डीआरएम ने ट्रैक मैन पाण्डेय को प्रशस्ति पत्र के साथ नगद पुरस्कार देते हुए रेल सप्ताह के दौरान रेलवे एवार्ड वर्ष 2019 के लिए नामित किया है। 20 दिसम्बर समय 1.25 बजे सेक्शन श्रीकृष्ण नगर-हरपालगंज के बीच स्थित गेट किलोमीटर 860 / 29 - 861 / 1 पर ट्रैक मैन अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उसने रेल फ्रैक्चर देखने के बाद रेलवे स्टेशन श्रीकृष्ण नगर के स्टेशन मास्टर परमेश्वर कुमार को देते हुए लाइन ब्लाक करवा दिया। रेल फ्रैक्चर एक इंच खाली होने के कारण रेल संचालन असुरक्षित था। इसके बाद सेक्शन इंजीनियर ने मौके पर 20 किलोमीटर घंटे का काशन लगवा कर रेल संचालन बहाल किया। इस प्रकार ट्रैक मैन गैंग नम्बर 26 स्पेशल श्रीकृष्णनगर लव कुमार पाण्डेय ने सजगता एवं सतर्कता से एक सम्भावित रेल दुर्घटना होने से बचाया।