स्वच्छता के प्रति जागरूक करने गांव-गांव जाएगी टीम
जौनपुर। रामनगर ब्लाक के सभी गांवों में पेयजल एवं स्वच्छता सहयोग संगठन की टीम पहुंचकर गांव को स्वच्छ रखने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने का कार्य करेगी। जिसके क्रम में पेयजल एवं स्वच्छता सहयोग संगठन ने गुरुवार को रामनगर ब्लाक परिसर में प्रदर्शनी लगाकर और नाटक प्रस्तुत कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके बाद मुख्य अतिथि रामनगर ब्लाक प्रमुख अरविंद सिंह और एडीओ पंचायत राधेश्याम यादव ने हरी झंडी दिखाकर 10 वाहनों को गांवों में जाकर लोगों को जागरूक करने के लिए रवाना किया।
ब्लाक प्रमुख अरविंद सिंह ने कहा कि हमें खुद भी शौचालय का उपयोग करना चाहिए और उसके साथ-साथ सभी को वातावरण शुद्ध रखने के लिए शौचालय का उपयोग करने की बात बतानी चाहिए। वहीं, टीम के मुख्य प्रशिक्षक आलोक तिवारी ने बताया कि डायरिया, पीलिया, पोलियो, पेचिश, हैजा आदि समस्त बीमारियां सिर्फ अशुद्ध पेयजल व गंदगी की वजह से होती है। इस मौके पर एडीओ पंचायत राधेश्याम यादव, ग्राम प्रधान चंद्रभान यादव, राजेश सिंह, अरुण यादव, मुन्ना सिंह, उधम सिंह, रमाशंकर, रतन यादव, कैलाश पटेल आदि मौजूद रहे।