मछलीशहर। तहसील परिसर में बुधवार को अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव और महामंत्री आलोक विश्वकर्मा ने फर्जी अधिवक्ताओं को चिह्नित करने के लिए अभियान चलाया। पहले दिन 12 लोगों को चिह्नित कर मौखिक चेतावनी दी गई। उनसे काली कोट पहनकर जनता को गुमराह नहीं करने और तत्काल तहसील परिसर छोड़ने को कहा गया। ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी कि तहसील परिसर में कई लोग काली कोट पहनकर वादकारियों को गुमराह कर रहे हैं और उनसे अवैध वसूली कर रहे हैं। इससे अधिवक्ताओं की छवि धूमिल हो रही है। उनके अनुसार, चिह्नित लोगों के पास न तो संबंधित डिग्री है और न ही तहसील में पंजीकरण है। अध्यक्ष और महामंत्री ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। फर्जी तरीके से वकालत करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी कराई जाएगी।