तहसील क्षेत्र में डेंगू का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य टीम ने बुखार से पीड़ित 62 लोगों के सैंपल की जांच कराई। जिसमें डेंगू के 12 नए मरीज मिले हैं। बदलापुर में डेंगू के मरीजों की संख्या 243 पहुंच गई है।
तहसील क्षेत्र में बीते 21 दिनों से डेंगू का संक्रमण चल रहा है। स्वास्थ्य टीम घर-घर डेंगू का लार्वा खोजने के साथ ही बुखार से पीड़ित लोगों का सैंपल ले रही है। बावजूद इसके संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंडलीय स्वास्थ्य टीम भी तहसील क्षेत्र में भ्रमण कर चुकी है, लेकिन अभी तक संक्रमण का कोई हल नहीं निकल रहा है। बृहस्पतिवार को 21वें दिन स्वास्थ्य टीम घर-घर पहुंचकर बुखार से पीड़ित लोगों का सैंपल जुटाकर उसकी जांच की। नगर के साथ ग्रामीण इलाके में भी साफ सफाई के साथ ही दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है।
चिकित्साधीक्षक डॉ. संजय दूबे ने बताया कि बदलापुर में 12 मरीजों की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरुक करने के साथ-साथ बुखार पीड़ितों को चिन्हित करने का अभियान चलाया है। नगर पंचायत की ओर से भी साफ-सफाई एवं फागिंग की जा रही है। लोगों को खुद से बचाव करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
बुखार के मरीजों को स्वास्थ्य टीम कर रही चिह्नित
डेंगू के बढ़ते प्रभाव को थामने के लिए बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य, सफाई विभाग के कर्मचारियों ने घर- घर पहुंचकर बुखार से पीड़ित मरीजों को चिह्नित किया। साथ ही उन्हें घर के फ्रिज, कूलर, छत पर पानी न जमा करने के लिए जागरूक किया।
टीम में शामिल फाइलेरिया विभाग के सुपरवाइजर शिवशंकर वर्मा, आशा संगिनी सावित्री, आशा सितारा ने सफाई कर्मी अवनीश कुमार से पुरानी बाजार में शैलेश शर्मा के नाद में भरे वर्षा के पानी में पाए गए लार्वा को भी नष्ट कराया। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. संजय दुबे ने बताया कि आठ टीमें नगर क्षेत्र के भलुआही, पुरानी बाजार तथा बरौली में घर-घर बुखार से पीड़ित लोगों को चिह्नित कर रही हैं। लार्वा नष्ट करने के साथ ही तथा लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा फाइलेरिया इंस्पेक्टर कृष्ण प्रताप दुबे, दयाशंकर यादव, मलेरिया इंस्पेक्टर सतीश कुमार दुबे, इंद्रजीत सिंह, शिवशंकर वर्मा भी निगरानी कर रहे हैं।