करंजाकला। बास्केटबाल के क्षेत्र में जनपद का नाम रोशन करने वाली अहमदपुर गांव खिलाड़ी प्रशांति सिंह को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पूर्वांचल विश्वविद्यालय ग्रामोदय समिति के समन्वयक शील निधि सिंह ने बधाई दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर प्रशांति का पुरस्कार के लिए चयन होने पर बधाई दी है। प्रशांति देश की पहली बास्केटबाल महिला खिलाड़ी है जिन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इससे पहले उन्हें 2017 में भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खेल के क्षेत्र में प्रतिष्ठित रानी लक्ष्मी बाई बहादुरी पुरस्कार 2016-17 से भी सम्मानित किया गया है। सिंह सिस्टर्स के नाम से बास्केटबाल की दुनियां में चारों सगी बहने दिव्या सिंह, प्रशांति सिंह, आकांक्षा सिंह व प्रतिमा सिंह मशहूर है। प्रशांति सिंह को यह पुरस्कार मार्च में दिया जाएगा। प्रशांति ने बताया कि अभी स्थान और तिथि तय नहीं हैं।