जौनपुर। जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी एडीओ पंचायत को पत्र भेज कर वीडियो कैमरा और वीडियो ग्राफर प्रभारी को वीडियो कैमरा और सफाई कर्मियों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया है। उनके निर्देश के बाद वीडियो ग्राफर के रुप में तैनात करने के लिए सफाई कर्मियों की सूची और मात्र 35 वीडियो कैमरा अभी तक उपलब्ध कराया गया है। जबकि 115 वीडियो कैमरा खरीदा गया था। जिसके कारण अभी तक वीडियो ग्राफर के रुप में तैनात कर्मचारियों को वीडियो कैमरा उपलब्ध नहीं हो सका है। अमर उजाला ने 15 मार्च को यह मामला उठाया था। जिसके बाद डीपीआरओ को चिंता हुई और उन्होंने पत्र भेज कर कैमरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
लोकसभा चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारी जोर शोर से शुरु कर दी गई है। इस दौरान मतदान कार्मिकों सहित जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट,वीडियो ग्राफर, स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित प्रभारियों की तैनाती की जा चुकी है। सभी अधिकारी और कर्मचारी चुनाव में मिली जिम्मेदारियों को सकुशल निभाने की तैयारी करने में जुट गए हैं। इसी क्रम में विडियो कैमरा और वीडियो ग्राफर प्रभारी उप कृषि निदेशक जय प्रकाश को बनाया गया है। उनके द्वारा वीडियो ग्राफर तैनात करने सहित वीडियो कैमरा व सीसी टीवी उपलब्ध कराया जाना है। उनकी मानें तो चुनाव में कुल 205 वीडियो ग्राफर लगाए जाने हैं। इसके अलावां 205 वीडियो कैमरा व 70सीसी टीवी लगाए जाने हैं। उनके द्वारा वीडियो ग्राफर के लिए सफाई कर्मियों की सूची उपलब्ध कराने और ग्राम पंचायतों द्वारा खरीदे गए 115 वीडियो कैमरा देने के लिए पत्र जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय को भेजा था। लेकिन डीपीआरओ द्वारा सफाई कर्मियों की सूची व वीडियो कैमरा उपलब्ध नहीं कराया गया था। मामला संज्ञान में आने के बाद अमर उजाला ने प्रमुखता के साथ 15 मार्च को ‘न वीडियो ग्राफर तैनात हुए और न ही वीडियो कैमरे उपलब्ध हुए ’शीर्षक से खबर छापी थी। इसके बाद डीपीआरओ ने सभी एडीओ पंचायत को पत्र भेजकर सफाई कर्मियों की सूची व वीडियो कैमरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।जिसके बाद विडियो कैमरा व वीडियो ग्राफर प्रभारी को वीडियो ग्राफर के रुप में तैनात करने के लिए सफाई कर्मियों की सूची उपलब्ध गई है। लेकिन अभी तक मात्र 35 वीडियो कैमरा ही उपलब्ध हो सका है। अभी भी 80 वीडियो कैमरा उपलब्ध होना शेष है।
वीडियो कैमरा उपलब्ध कराने के लिए सभी एडीओ पंचायत को पत्र भेजा गया है। उनके द्वारा विडियो कैमरा व वीडियो ग्राफर प्रभारी को वीडियो कैमरा उपलब्ध कराया जा रहा है।
सभाजीत पांडेय
जिला पंचायत राज अधिकारी