जौनपुर। प्रमुख सचिव आवास एवं पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व प्रभारी कुलपति नितिन रमेश गोकर्ण ने कहा कि अर्थव्यवस्था में हो रहे परिवर्तन के कारण प्रबंध प्रक्रिया में भी बदलाव आया है। ऐसे में मानव संसाधन के प्रबंधन की चुनौती सबसे बड़ी है। वह शनिवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मानव संसाधन विकास विभाग की ओर से आयोजित ‘21वीं सदी में मानव संसाधन प्रबंध के समक्ष चुनौतियां’ विषयक संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने सकल घरेलू उत्पादन, जनसंख्या लाभांश, भारत की युवा पीढ़ी एवं तकनीकी विकास के परिप्रेक्ष्य में मानव विकास प्रबंधन कौशल विकसित करने पर जोर दिया। आर्थिक बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश के आधारभूत ढांचे में तेजी से विकास हो रहा है। उसका सकारात्मक असर उद्योगों एवं अन्य क्षेत्र पर भी पड़ा है। दून विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के प्रो. एससी पुरोहित ने उद्योग जगत की मानव संसाधन नीतियों एवं योजनाओं के बारे में सोदाहरण जानकारी दी। विभाग के अध्यक्ष प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, डा. रसिकेश, प्रो. अजय द्विवेदी, प्रो. बीडी शर्मा, डा. मुराद अली आदि मौजूद रहे।
खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के महंत अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में पूर्वी क्षेत्र की विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में स्थान पाने वाले 80 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रमुख सचिव आवास एवं पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति नितिन रमेश गोकर्ण ने इस सत्र में विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर 66 मेडल अर्जित करने पर बधाई दी। डा. वीरेंद्र विक्रम यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों की मेहनत के कारण हर साल मेडलों की संख्या में इजाफा हो रहा है। पूविवि के पूर्व कुलसचिव डा. बीएल आर्या ने कहा कि हमारे यहां के युवाओं में अनंत ऊर्जा है। इसे बनाए रखने की जरूरत है। खेलकूद परिषद के सचिव डा. शेखर सिंह ने खेल की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि ने खो-खो महिला टीम, कबड्डी महिला टीम, हॉकी महिला टीम और कबड्डी पुरुष टीम के 80 खिलाड़ियों और कोच को ब्लेजर और चेक देकर सम्मानित किया। आधा दर्जन खेले को कुल 98 खिलाड़ी थे। जिसमें से 84 खिलाड़ी सम्मानित किए गए। महिला हाकी में जागृति सिंह, पूजा सिंह, रेनू भारद्वाज, गीता, स्मृति, सोनी, बबिता, खो-खो महिला में पूजा विश्वकर्मा, अद्विती यादव, सबिता, बबिता यादव खुशबू, कबड्डी महिला में प्रिया यादव, प्रियम सिंह, सविता दुबे, सीमा यादव, प्रिया गौंड, मीना पटेल, पुरुष कबड्डी में अमित पवार, राहुल तोमर, आदेश कुमार, सविंदर यादव, निलेश, नीतू, खो-खो पुरुष में दर्शन यादव, रणजीत, प्रशांत, अवधेश, शिवम, शिवेंद्र प्रताप, विनय, क्रिकेट पुरुष में राहुल यादव, रिशु शर्मा, अभय यादव, अंकित सिंह, अंशुमान सिंह समेत 84 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।