मछलीशहर संपूर्ण समाधान दिवस का उपस्थिति रजिस्टर, जिसमें अनुपस्थिति के बाद भी अफसरों के रजिस्टर ?
- फोटो : JAUNPUR
मछलीशहर। शासन-प्रशासन के नियमों को ठेंगा दिखा रहे अफसरों की मनमानी का मामला मंगलवार को मछलीशहर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में दिखा। यहां अनुपस्थित रहने के बाद भी 11 विभागों के अफसरों ने देर से आकर जबरन रजिस्टर पर दस्तखत बना दिए। अफसरों की मनमानी से कर्मचारी बेबस बने रहे हैं। उन्होंने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी हैं। उधर, एसडीएम ने दिवस में अनुपस्थित रहे 21 विभागों के अफसरों से स्पष्टीकरण तलब किया है। जबरन दस्तखत करने की भी जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम अंजनी कुमार सिंह ने तय समय पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन कर निस्तारित कर रहे थे। दोपहर तक 36 में से 32 विभागों के अधिकारियों ने दिवस में भाग नहीं लिया था। दोपहर बाद फोन कर कार्यालय में जब न आने का कारण पूछा गया तो कइयों ने अपने प्रतिनिधि को भेजने की बात बताई तो कुछ स्वयं ही उपस्थित हुए। फिर भी 21 विभागों के अधिकारी अंत तक नहीं आए, जबकि 11 लोगों ने अनुपस्थित होने के बाद हस्ताक्षर बनाया। कार्य बाधित होने पर एसडीएम ने सभी को अनुपस्थित कर दिया। मामले में सभी से जवाब मांगा है। जिम्मेदारों के अनुपस्थित रहने से मात्र 9 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका, जबकि 120 फरियादियों में से 111 को मायूस लौटना पड़ा। एसडीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि कुछ अधिकारी देर से आए और कुछ नहीं आए। सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब आने पर कार्रवाई की जाएगी।
---
डीएम के न पहुंचने से फरियादी मायूस
बदलापुर। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रभारी एसडीएम अमिताभ यादव ने लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान आए 146 प्रार्थना पत्रों में से मात्र 12 का निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को निस्तारण के लिए सौंप दिया गया। पूर्व सूचना के बावजूद डीएम व एसपी के नहीं आने से फरियादियों में निराशा रही। इस अवसर पर डीडीओ बृजभान सिंह, तहसीलदार अजय कुमार पांडेय, बीडीओ गौरवेंद्र सिंह, बीईओ नरेंद्रदेव मिश्र, एसडीओ विद्युत रंजीत कुमार आदि उपस्थित रहे। केराकत: तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में तहसीलदार रामसुधार ने आए फरियादियों की समस्याओं का समाधान किया। इस दौरान आए 111 प्रार्थना पत्रों में मात्र 5 का निस्तारण हो सका। शेष फरियादी मायूस होकर वापस लौट गए। मड़ियाहूं: तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में तहसीलदार ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनी। इस इस दौरान आए 129 प्रार्थना पत्रों में से मात्र 6 का मौके पर निस्तारण हो सका। शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को देकर जल्द से जल्द निस्तारित करने का आदेश दिया गया।