जमुहर गांव निवासी ग्राम प्रधान नरेंद्र कुमार यादव का मोबाइल रिचार्ज करा कर ठगों ने ओटीपी पूछा और खाते से साढ़े 11 हजार रुपये निकाल लिया।
नरेंद्र के मोबाइल पर शुक्रवार को मैसेज आया। इसके बाद फोन कर बताया गया कि उनका नंबर बंद किया जा रहा है। उसे चालू करने के लिए कुछ कागज की फोटो खींचकर भेजिये और 10 रुपये से रिचार्ज कीजिए। रिचार्ज करने के बाद ओटीपी आएगा, जिसे काल आने पर बता दीजिएगा। नरेंद्र ने काल करने वाले व्यक्ति की बातों पर भरोसा करके उसके बताए बातों का अनुसरण किया। इसके बाद ओटीपी आने पर काल करने वाले ने इसका नंबर पूछा, जिसे उन्होंने बता दिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से दो बार में क्त्रस्मश: 11 हजार रुपये और 500 रुपये निकाल लिया गया। जब उनके मोबाइल फोन पर पैसा निकल जाने का मैसेज आया तो उन्हें ठगी का शिकार होने का एहसास हुआ। तत्काल बैक पहुंच कर खाते से भुगतान लाक कराया। शनिवार को घटना की सूचना पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में है। इस मामले की जांच की जा रही है।