चंदवक। थाना क्षेत्र में ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए टास्क पूरा कराने के नाम पर युवक से एक लाख चार हजार 674 रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खलियाखास निवासी सूरज कुमार प्रजापति ने बताया कि बुधवार को उन्हें एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर गूगल मैप पर रेटिंग देकर पैसे कमाने का ऑफर मिला। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम पर जोड़कर छोटे-छोटे टास्क पूरे कराए गए और शुरुआत में कुछ पैसे वापस कर उनका विश्वास जीता गया। पीड़ित का आरोप है कि बृहस्पतिवार को आरोपियों ने टास्क के नाम पर उनसे कई बार में रकम ट्रांसफर करवाई। कुल 6 लेन-देन के जरिए एक लाख चार हजार 674 रुपये उनसे ठग लिए गए। ठगों ने पहले दी गई रकम वापस करने का झांसा देकर लगातार बड़ी रकम जमा करवाई। पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 और ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने थाना चंदवक में प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ट्रांजेक्शन आईडी, मोबाइल नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।