जौनपुर जिले में अमर उजाला अपराजिता 100 मिलीयन स्माइल्स मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत शुक्रवार की सुबह होटल रिवर व्यू में चाय पर वोटर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मौजूद चिकित्सकों, कारोबारियों, रिटायर्ड अधिकारियों एवं समाजसेवियों ने राजनीति पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि हमारा नेता ईमानदार और साफ छवि वाला होष जौनपुर के सिंहीपुर, जगदीशपुर, सिपाह क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनवाए, मेडिकल कालेज का निर्माण पूरा कराए और हर विकास खंड में एक -एक नवोदय विद्यालय खोलवाए। लोगों ने 12 मई को मतदान करने की शपथ ली।
शहर के प्रसिद्व चिकित्सक डा. आरपी यादव ने कहा कि हमें आपराधिक छवि का सांसद नहीं चाहिए। सांसद ऐसा हो जो सौहार्दपूर्ण माहौल समाज में कायम करें। विकास के लिए जो बजट आता हो उससे ईमानदारी से खर्च करे। चिकित्सक डा. केपी यादव ने कहा कि मेरी सभी से अपील है कि चुनाव के दिन मतदान जरूर करें और अपने परिवार, सगे संबंधी एवं मित्रों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का यह बहुत बड़ा पर्व है। इसमें जाति धर्म से ऊपर उठकर जनप्रतिनिधि का चुनाव करना चाहिए।
कारोबारी शादिक ने कहा कि मेडिकल कालेज का निर्माण चार वर्ष से चल रहा है। मेडिकल कालेज जल्द शुरू कराया जाए। ताकि लोगों को इलाज के लिए वाराणसी का चक्कर नहीं लगाना पड़ता। रिटायर्ड बैंक अधिकारी रमाकांत यादव ने कहा कि जिन मुद्दों पर सरकार बनाया जाए उसकी भी समीक्षा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सांसद ऐसा हो जो बेरोजगारी, शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करें और सांसद निधि में घोटाला न करें। डा. मधुकर तिवारी ने कहा कि शहर का सबसे बड़ा मुद्दा रिंग रोड का नहीं होना और जाम, ओवरब्रिज है। गदंगी, अतिक्रमण और शिक्षा भी अहम सवाल है। उन्होंने कहा कि इस बार के चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए अमर उजाला ने जो अभियान शुरू किया है वह सराहनीय है।
इसमें सभी का योगदान आवश्यक है। केशव यादव ने कहा कि सांसद ऐसा हो जो समाज के सामान्य व्यक्ति की भी बातों को सुनें और उसकी आवाज बन सकें। जातीय मानसिकता से परे हो। कारोबारी विकेश उपाध्याय ने कहा कि तीस वर्ष में जौनपुर को कोई अच्छा सांसद नहीं मिला। अगर ऐसा रहता तो जौनपुर पूर्वांचल का एक ऐसा जिला है जहां हर दस किमी पर क्रासिंग तो है लेकिन ओवरब्रिज कहीं नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का स्तर ऊपर उठाने का प्रयास होना चाहिए।